मौसम खराब होने से पांच घंटे ही चला रेस्क्यू

जोशीमठ। मौसम खराब होने की वजह से जोशीमठ से बदरीनाथ धाम के लिए रेस्क्यू अभियान दोपहर 12 बजे शुरू हुआ, जो पांच बजे बारिश होने की वजह से रोक दिया गया। वहीं मौसम खराब होने के कारण सेना का 24 सीटर मालवाहक हेलीकॉप्टर यात्रियों को नही ला पाया।
मंगलवार को तीन छोटे हेलीकॉप्टर से 178 तीर्थयात्रियों को ही जोशीमठ लाया जा सका। शाम पांच बजे बाद फिर बारिश शुरू होने की वजह से रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। आईटीबीपी कमांडेंट प्रवीन कुमार तिवारी ने बताया कि गोविंदघाट से 1180 लोगों को पैदल रेस्क्यू कर जोशीमठ पहुंचाया गया। प्रशासन के अनुसार बदरीनाथ में अभी भी साढ़े पांच हजार तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। उधर, गौचर में सोमवार को सेना ने बदरीनाथ और जोशीमठ से दिनभर में 27 लोगों को राहत कैंप लाया। सुबह से ही सेना और वायु सेना के जवान रेस्क्यू आपरेशन के लिए मुस्तैद रहे, लेकिन मौसम के साथ न देने से हेलीकाप्टर नियमित उड़ान नहीं भर पाए।

Related posts