ग्रामीणों का विधायक आवास पर हंगामा

खटीमा। जिला पंचायत की ओर से बनाए गए सीसी मार्ग के बनने के साथ ही क्षतिग्रस्त होने से लोहियाहेड के ग्रामीणों ने विधायक आवास पर हंगामा काटा। ग्रामीणों का आरोप था कि बीएडीपी के बजट से जिला पंचायत द्वारा बनाए गए इस सीसी रोड के निर्माण के समय से ही शिकायतेें थी। ग्रामीणों के विरोध के बाद भी घटिया निर्माण की न तो जांच हुई और न ही कार्य बंद किया गया। उन्होंने सीसी मार्ग निर्माण की खानापूर्ति का सरकारी बजट ठिकाने लगाने का एक सुनियोजित षड्यंत्र बताया।
ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक पुष्कर सिंह धामी ने मोबाइल फोन पर जिला पंचायत अवर अभियंता को तलब किया और घटिया निर्माण के लिए लताड़ लगाई। लोहियाहेड मुख्य मार्ग से बासु भट्ट के आवास तक बीएडीपी के तहत 11 लाख की लागत से एक माह पूर्व सीसी मार्ग निर्माण हुआ था। सीसी मार्ग बनने के साथ ही घटिया निर्माण की लगातार शिकायतें उठी थी। बावजूद खानापूर्ति कर जिला परिषद द्वारा निर्माण कार्य को अंजाम दिया गया। ग्रामीणों में इस मार्ग को लेकर आक्रोश उपजा और विधायक धामी के नगरा तराई स्थित आवास पर जा धमके और स्थित से अवगत कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों की शिकायत पर विधायक धामी ने बीएडीपी की निर्माण इकाई जिला पंचायत के अवर अभियंता बीसी छिमवाल को तलब किया। उन्होंने मामला विधानसभा में उठाने की हिदायत देते हुए जमकर लताड़ लगाई। इस अवसर पर नवीन बोरा, भवानी भंडारी, जुहेर अब्बास, रमेश लाल, डीगर राम, निक्कू अग्रवाल, बकरीदन, शांति देवी, ओमवती, रेशमा आदि मौजूद थे।

Related posts