
नौहराधार (सिरमौर)। क्षेत्र के कई इलाकों में पिछले दिनों हुई भारी बरसात के चलते कई सड़क मार्गों को नुकसान पहुंचा है। ऐसे में लोगों को आवाजाही में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के कारण सोलन-मीनस सड़क मार्ग के अलावा संगड़ाह-हरिपुरधार, नौहराधार-पुन्नरधार, नौहरा-पीड़िया-पालर मार्ग, टौंडा-लाना चेता मार्ग, ददाहू-कोटी धीमान मार्ग, सतौण-ददाहू मार्ग सहित दर्जनों लिंक मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं।
स्थानीय निवासी हीरा सिंह नेगी, सुंदर सिंह प्रधान पंचायत शिवपुर, जगदीश सिंह, सही राम चौहान, आत्माराम कमल, बस्तीराम तथा रमेश ने बताया कि क्षेत्र में कांग्रेस तथा भाजपा नेताओं ने अपने लोगों के लिए कुछ नहीं किया। गरीब ग्रामीण मीलों पैदल चलकर सामान पीठ पर लाद रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी ने उनकी सुध नहीं ली, जबकि क्षेत्र की सड़कें बरसात के चलते बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
उधर, अधिशासी अभियंता लोनिवि संगड़ाह मंडल यशपाल ने बताया कि क्षेत्र की सड़कों पर 12 निजी जेसीबी मशीनों के माध्यम से कार्य किया जा रहा है। मौसम साफ रहने के दौरान हर दिन काम में तेजी लाई जा रही है। शीघ्र सड़कें दुरुस्त की जाएंगी।
