
नाहन (सिरमौर)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नाहन इकाई ने राज्य स्तरीय आह्वान पर कॉलेज प्राचार्य का घेराव किया। सेमेस्टर सिस्टम का विरोध कर रही इकाई ने विवि प्रशासन के खिलाफ कालेज प्राचार्य कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी भी की। जिला संयोजक मुकेश चौहान ने बताया कि पूरे राज्य भर में सोमवार को कालेज प्राचार्य का घेराव किया गया।
उन्होंने बताया कि सरकार एवं विवि प्रशासन द्वारा लागू सेमेस्टर सिस्टम किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। इकाई अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने बताया कि महाविद्यालय में सभी व्यवस्थाएं चरमराई हुई है। एबीवीपी ने मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्राचार्य से कई बार बात की लेकिन समस्याओं का निपटारा नहीं किया जा रहा। इकाई ने चेतावनी दी कि यदि सेमेस्टर सिस्टम को तत्काल प्रभाव से बंद नहीं किया गया तो एबीवीपी प्रदेश भर में बड़ा आंदोलन छेड़ देगी।
इससे पूर्व विरोध प्रदर्शन में जिला संगठन मंत्री अशोक कुमार, इकाई सचिव विकास कन्याल, ओमप्रकाश कन्याल, गीता सिंह, जितेंद्र चौहान, कपिल, योगेश, नितेश, पूर्व सीएससीए अध्यक्ष विवेक शर्मा, सौरव ठाकुर, बिक्कू चौहान, शुभम, अजय, जय प्रकाश आदि शामिल रहे।
