आईपीएच की पेयजल लाइन एक माह से ठप

जमटा (सिरमौर)। ग्राम पंचायत नावणी जमटा के अंतर्गत आने वाले नावणी गांव में पिछले एक माह से आधा दर्जन के करीब परिवारों को पीने के पानी के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस क्षेत्र में सिंचाई विभाग की ओर से जल आपूर्ति के लिए सरकारी पेयजल लाइन बिछाई गई थी। मगर विभागीय लापरवाही के कारण इस लाइन में पिछले एक माह से पानी सप्लाई नहीं हो पा रही है।
नावणी के लोग पानी के जुगाड़ के लिए आधा किलोमीटर की दूरी तय कर रहे हैं। स्थानीय निवासी हीरा सिंह, रमेश कुमार, जगदेव चंद, मनोज कुमार और राकेश कुमार आदि ने बताया कि पिछले कई माह से लाइन बंद पड़ी हुई है। आईपीएच विभाग को कई बार शिकायत की गई, मगर किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। थक हार कर ग्रामीणों ने एसडीओ से संपर्क साधा, लेकिन वहां भी कुछ नहीं हुआ। ग्रामीणों ने विभाग से गुहार लगाई है कि एक माह से बंद पड़ी इस लाइन को ठीक किया जाए। नहीं तो लोग प्यास से व्याकुल हो जाएंगे। इस मामले में जमटा नावणी पंचायत प्रधान कमला देवी ने बताया कि वह स्वयं ग्रामीणों की इस समस्या को विभाग के अधीक्षण अभियंता के समक्ष रखेंगे, ताकि ग्रामीणों को पीने का पानी मिल सके।

Related posts