वल्लभ कालेज में भूगोल विषय की 60 सीटें खाली

मंडी। राजकीय वल्लभ महाविद्यालय मंडी में भूगोल विषय में 60 सीटें रिक्त चल रही हैं। भूगोल विषय को मुख्य विषय के रूप में चुनने के लिए इच्छुक विद्यार्थी 25 जून तक आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत मंडी महाविद्यालय में भूगोल विषय के लिए 27 जून को काउंसलिंग होगी। कालेज के वरिष्ठ प्रोफेसर राजेश यादव ने बताया कि मेडिकल एवं नॉन मेडिकल में जमा दो की परीक्षा में उत्तीर्ण विद्यार्थी भी भूगोल विषय को मुख्य विषय के रूप में चुन सकते हैं। भूगोल विषय को मुख्य विषय के रूप में पढ़ने वाले विद्यार्थी भविष्य में विज्ञान संकाय में स्नातकोत्तर एवं बीएड के लिए भी पात्र होंगे। प्राचार्य एमएस जमवाल ने बताया कि राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान के अंतर्गत भूगोल विषय को स्नातक स्तर में विज्ञान संकाय में भी शामिल किया गया है। मेडिकल एवं नॉन मेडिकल में जमा दो परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों के लिए भूगोल विषय का मुख्य विषय चुनने का सुनहरा अवसर है। भूगोल विषय के साथ भौतिकी, रसायन शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, मनोविज्ञान के अलावा विज्ञान एवं समाज विज्ञान के किसी भी विषय को चुनने के विकल्प उपलब्ध है। वहीं, सहायक प्रवक्ता डा. चमन प्रेमी ने कहा कि भूगोल विषय में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उप प्राचार्य प्रो टीएस ठाकुर ने बताया कि मंडी महाविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक विद्यार्थी 25 जून शाम चार बजे तक आवेदन कर सकते हैं। मेरिट सूची एवं विभिन्न विषयों की रिक्त सीटों की सूची 26 जून को एक बजे दोपहर तक लगा दी जाएगी।

Related posts