जाच्छ में बाढ़ से दर्जनों मकानों में घुसा पानी

गोहर (मंडी)। रविवार रात भारी बारिश के कारण ज्यूणी घाटी के जाच्छ कस्बे में लोनिवि की एक पुलिया बंद होने के कारण अचानक आई बाढ़ का पानी पंजाब नेशनल बैंक के अलावा करीब दो दर्जन दुकानों में घुस गया। बारिश के पानी के साथ कीचड़ भी र्बैंक और लोगों के घर में पहुंच गया। जिससे रात को लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, इस बाढ़ के कारण कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है। मगर पंजाब नेशनल बैंक का रिकार्ड पानी से खराब हो गया। बैंक में करीब चार फीट पानी घुसने से बैंक के कमरों में सब सामान खराब हो गया। कस्बे के रमेश शर्मा की दुकान में दस बैग सीमेंट और गंदम को खासा नुकसान पहुंचा। पूर्ण चंद की चाय की दुकान में भी बाढ़ से काफी सामान खराब हुआ। रमन कुमार के शटरों में पानी घुसने से बूट और अन्य स्टेशनरी का सामान खराब हुआ। धनार्थ दर्जी की दुकान में भी कपड़े पानी से खराब हो गए। जाच्छ कस्बे में लोनिवि ने सड़क में एक पुलिया बनाई थी, जिसमें पानी ब्लॉक होने के कारण वह पीछे हट गया और कस्बे में फैल गया। सोमवार सुबह जाच्छ कस्बे में लोग अपने-अपने घरों की साफ सफाई और बारिश से आए कीचड़ युक्त पानी को बाहर धकेलते रहे। कस्बे के हरि सिंह ठाकुर, छांगू राम और टिकेंद्र राणा ने बताया कि बारिश से जाच्छ कस्बे में लोगों के घर और दुकानें बुरी तरह से कीचड़ में मिल गए। सोमवार सुबह नाचन के विधायक विनोद कुमार, लोनिवि के अधिशासी अभियंता केके शर्मा और कनिष्ठ अभियंता ने भी मौके का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों और विधायक विनोद कुमार ने लोगों का हाल जाना और नुकसान का जायजा लिया। धिश्ती पंचायत प्रधान मुरारी लाल राणा ने भी मौके पर पहुंचकर लोनिवि के अधिकारियों और विधायक से क्षेत्र के लोगों को उचित सहायता प्रदान करने की मांग उठाई। उधर, ज्यूणी घाटी नदी के उफान पर आने से भी इसके तटीय भाग में जीवन यापन करने वाले लोगो में सनसनी का माहौल है।

लोगों को सतर्क रहने की हिदायत
एसडीएम गोहर दिलेराम धीमान ने सभी लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। जाच्छ में आई बाढ़ से लोनिवि की सड़क भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। पीएनबी मैनेजर खेम चंद कौंडल ने बैंक में पानी घुसने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि रिकार्ड सूखा लिया गया है।

Related posts