भारी पड़ रही कर्मचारियों की लेटलतीफी

बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के तहत गैस उपभोक्ताओं पर गैस कर्मचारियों की आनाकानी, लेट लतीफी भारी पड़ रही है। कर्मचारी भी उपभोक्ताओं के कार्य जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास करते हैं। इंटरनेट समस्या, कर्मचारियों की कमी की समस्या के चलते कई कार्य अधूरे हैं। इस कारण उपभोक्ताओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ता दलीप सिंह, बसंत राम, बोहरू राम, मनशा राम, राकेश कुमार, नरेश कुमार, कृष्ण चंद, एमएस ठाकुर, राजेश कुमार, सुनील कुमार, दिनेश कुमार, नानकू राम, प्यार सिंह, बलदेव दास सहित अन्य लोगाें ने बताया कि उनके गैस कनेक्शन स्वीकृत हो चुके हैं। विभागीय अधिकारियों की लापरवाही के कारण उन्हें गैस मुहैया नहीं करवाई जा रही है। जब भी वह गैस कनेक्शन के लिए विभाग के दफतर में जाते हैं तो विभागीय अधिकारी कभी लाइट न होने का बहाना बना देते हैं। कभी इंटरनेट खराब होने की बात कहते हैं। कभी स्टाफ की कमी का बहाना बना कर टाल मटोल कर रहे हैं। इस कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नए गैस कनेक्शन के लिए वह कई बार विभाग के चक्कर काट चुके हैं। उन्हें निराश होकर ही वापस घर लौटना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही इस बारे उचित कदम उठाए जाएं।
उधर, गैस एजेंसी प्रभारी कुलदीप चंद ने बताया कि गैस उपभोक्ताओं को अच्छी सुविधाएं देने के लिए वह लगातार काम कर रहे हैं। लाइट व इंटरनेट की समस्या के कारण वह भी परेशान हो चुके हैं। इंटरनेट के बिना उनका कोई भी कार्य पूरा नहीं होता है।

Related posts