
बिलासपुर। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के बिलासपुर ट्रेनिंग सेंटर में वालीबाल व कबड्डी खिलाड़ियों के चयन के लिए ट्रायल 27 व 28 जून को आयोजित किया जाएगा। केंद्र के प्रभारी कृष्ण सिंह राठौर ने बताया कि आवासीय योजना के तहत होने वाले इस चयन में कबड्डी के लिए 12 से 18 वर्ष तक की आयु के लड़के भाग ले सकेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम चार, राज्य स्तर पर प्रथम दो व जिला स्तर पर प्रथम तीन स्थान हासिल करने वाले लड़काें को प्राथमिकता दी जाएगी।
राठौर ने बताया कि वालीबाल के ट्रायल में 14 व 16 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ियों की ऊंचाई क्रमश: 165 व 175 सेंटीमीटर होनी चाहिए। 16 वर्ष से ज्यादा आयु के खिलाड़ियों की ऊंचाई 182 सेंटीमीटर से अधिक होनी चाहिए। पात्र लड़कों को 27 जून को सुबह 9 बजे अपने विभिन्न प्रमाण पत्रों व स्पोर्ट्स किट के साथ ग्राउंड में पहुंचना होगा। उन्हें अपने पासपोर्ट आकार के चार फोटो भी साथ लाने होंगे। चयनित खिलाड़ियों को अन्य सुविधाआें के साथ ही प्रतिदिन 175 रुपए डाइट के रूप में प्रदान किए जाएंगे।
सोलन में कल से शुरू होगी बास्केटबाल प्रतियोगिता
बिलासपुर। राज्य स्तरीय 27 वीं सब-जूनियर बास्केटबाल प्रतियोगिता सोलन में 26 से 28 जून तक आयोजित की जाएगी। हिमाचल प्रदेश बास्केटबाल संघ की तकनीकी कमेटी के अध्यक्ष केआर गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता में सभी जिलों के साथ ही मान्यता प्राप्त अन्य टीमें भी भाग लेंगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रदर्शन के आधार पर लड़कों व लड़कियाें की राज्य स्तरीय टीमें भी चुनी जाएंगी, जो 18 से 25 अगस्त तक बिहार के पटना में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी।
