सर्पदंश से पूर्व बीडीसी सदस्य की मौत

बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की ग्राम पंचायत बड़गांव की दो बार बीडीसी सदस्य रही टीहरा निवासी सत्या देवी की सर्पदंश से मौत हो गई। रविवार शाम करीब सात बजे यह घटना घटी। उन्होंने आईजीएमसी शिमला में अंतिम सांस ली। सोमवार को उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। उसके बेटे बबलू ने मुखाग्नि दी।
जानकारी के अनुसार पूर्व बीडीसी सदस्य सत्या देवी रविवार को शाम के समय खेतों में काम कर घर वापस लौट रही थीं। रास्ते में सांप ने उन्हें पैर में काट लिया। घर में पहुंचने पर उन्हें बरठीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां पर उनकी नाजुक हालत को देखते हुए 108 नंबर एंबुलेंस के माध्यम से बिलासपुर पहुंचाया गया। इसके बाद बिलासपुर से शिमला पहुंचाया गया। लेकिन रात्रि लगभग दो बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार सुबह उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
उधर, गांव में हुई सर्पदंश की इस घटना से स्थानीय लोग भी गहरे सदमे में है। स्थानीय पंचायत प्रधान निक्का राम, पूर्व प्रधान उपेंद्र सिंह चंदेल, ओंकार सिंह चंदेल, ओम प्रकाश चंदेल, रमेश चंद, ओम प्रकाश गौतम, एमएस ठाकुर, जयदेव, सतीश कुमार, नरेश कुमार, बलदेव दास, राजेश कुमार, जगदीप चंद सहित अन्य लोगाें ने पूर्व बीडीसी सदस्य की मौत पर गहरा दुख प्रकट किया है। उधर, हल्का पटवारी कृष्ण चंद ने मौके पर जाकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के लिए आवश्यक कार्यवाही शुरु कर दी है।

Related posts