
चंबा। जिले में रविवार रात हुई भारी बारिश ने जमकर कोहराम मचाया। बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान लोक निर्माण विभाग को हुआ। बारिश में लोनिवि के 20 करोड़ डूब गए हैं। रात भर हुई भारी बारिश से जगह-जगह हुए भूस्खलन के कारण मार्ग बंद हो गए। तेज बारिश से कई स्थानों पर डंगे बह गए हैं। सड़कों पर बिछाई गई तारकोल बह गई है।
चंबा साहो-कैला-कलौता मार्ग पर रिटेनिंग वाल बह गई है। जिले के आधा दर्जन से अधिक मार्गों पर सोमवार सुबह आवाजाही नहीं हो पाई। लोक निर्माण विभाग के चंबा, तीसा, भरमौर तथा डलहौजी मंडल में काफी नुकसान हुआ है। विभाग इसका जायजा लेने में लगा हुआ है। विभाग के चंबा मंडल के अधिशासी अभियंता मदन कुमार मिन्हास ने बताया कि बारिश के कारण चंबा मंडल में तकरीबन दो करोड़ 60 लाख का नुकसान हुआ है। सड़कों पर बिछाई गई तारकोल तथा सोलिंग पानी के तेज बहाव में बह गई है। विभाग के अधीक्षण अभियंता आरके सूद ने बताया कि आरंभिक रिपोर्ट के अनुसार जिले भर में विभाग को 20 करोड़ के नुकसान का अनुमान है।
