
बरौर (चंबा)। सिलाघ्राट मार्ग पर स्थित बरौर पंचायत में भारी बारिश के कारण पानी और मलबा लोगों के घरों तथा खेतों में जा घुसा। रविवार रात को हुई बारिश के कारण इतना ज्यादा मलबा आया कि आधा दर्जन के करीब घरों के लोगों की रात दहशत में गुजरी। इससे घरों में पानी तथा कीचड़ भर गया। खेतों और कूहल को भारी नुकसान हुआ।
क्लयूं से सरौल तक सिंचाई के लिए बनाई गई कूहल तेज बारिश के पानी से बीच में टूट गई है। इससे बारिश का सारा पानी गांव के तरफ चला गया। रविवार देर रात के समय जब गांव वासी अपने घरों में सो रहे थे कि अचानक घरों के बाहर पानी नाला बहने लगा। लोगों ने घरों से बाहर निकलकर जान बचाई। कई लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया। इससे घरों की दीवारें कमजोर हो गई हैं। बारिश के कारण कमल नारायण, योग राज, भक्त राम, ईश्वर दत्त, अनंत राम, अमर सिंह, बृजेंद्र सिंह, रत्नी देवी, ध्याना राम, भूपिंद्र कुमार, सुरेश शर्मा की धान की फसल बर्बाद हो गई। इसके अलावा बचनो, उषा, अमरो, दुर्गा, कुलदीप, प्रताप कुमार, प्रेम लाल, संजीव शर्मा, मुकेश शर्मा, शक्ति प्रसाद शर्मा के घरों को नुकसान हुआ है। इधर, एसडीएम बच्चन सिंह ने कहा कि जहां नुकसान हुआ थास पटवारी मौका कर रहा है। डिटेल रिपोर्ट देने के लिए कानूनगो साहू तथा पटवारी को कहा गया है। प्रधान बरौर से मिल कर भी रिपोर्ट देने को कहा है। दो घरों में दरारें तथा चार घरों में पानी आया है।
