
रामपुर बुशहर। पुलिस थाना रामपुर के तहत नोगली में सोमवार को एक युवक खड्ड के तेज बहाव में बह गया। देर शाम तक युवक के बारे में कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस नदी किनारे उसकी तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक रामपुर के मुनिश गांव निवासी लक्की और एक अन्य युवक संदीप कुमार नोगली में खड्ड किनारे शौच करने गए थे। इसी दौरान पांव फिसलने पर लक्की नोगली खड्ड में गिर गया और तेज बहाव में बह गया। संदीप ने बताया कि पानी का बहाव इतना तेज था कि लक्की को बचाने के लिए वह खड्ड में उतरने की हिम्मत नहीं कर पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर युवक की खोजबीन की, लेकिन उसके बारे में कोई पता नहीं चला। कयास लगाए जा रहे हैं कि या तो युवक डूब गया या फिर काफी दूर बह गया। यह खड्ड आगे जाकर सतलुज नदी में मिलती है, जिसमें इन दिनों काफी पानी है। एसडीपीओ सुनील नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि युवक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि लक्की नोगली में वाशिंग प्वाइंट पर काम करता था। घटना के बारे में युवक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
