बोर्ड को लौटा देंगे बिजली मीटर

काजा (लाहौल स्पीति)। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति ठप होने पर भड़के लोगों ने एडीसी कार्यालय के बाहर सोमवार को जमकर हल्ला बोला। वहीं, विरोध में काजा बाजार भी पूर्ण रूप से बंद रखा गया। गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी कि अगर बिजली आपूर्ति नियमित नहीं की गई तो वे घरों और दुकानों से बिजली के मीटर निकाल कर बिजली बोर्ड कार्यालय में जमा करवा देंगे।
टीएसी सदस्य सोहन सिंह, डबला तरज्ञे, बीसीसी अध्यक्ष राज कुमार, काजा ग्राम पंचायत प्रधान पदमा दोरजे सहित करीब दो सौ लोग काजा बाजार से विरोध रैली निकाल कर एडीसी कार्यालय पहुंचे। यहां लोगों ने प्रदेश सरकार, प्रशासन और बिजली बोर्ड के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि, इस दौरान एडीसी और बिजली बोर्ड के अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि रोंगटोंग परियोजना में पावर हाउस और इनटेक में आ रही समस्या से परेशानी आ रही है। परियोजना में एक पांच सौ मेगावाट की मशीन चल रही है। जबकि, अन्य मशीनें खराब हैं। इस दौरान लोगों ने प्रशासन से तीन घंटे सुबह और तीन घंटे शाम को बिजली देने की मांग की, लेकिन यह वार्ता असफल रही। इसके बाद लोगों ने निर्णय लिया कि क्षेत्र के सभी लोग बिजली के मीटर बिजली बोर्ड को लौटा देंगे। इसके लिए बिजली बोर्ड को लिखित में पत्र दिया जाएगा। इधर, एसडीओ बिजली बोर्ड संजय नेगी ने बताया कि इसके बारे में लोगों से वार्ता की जाएगी।

Related posts