
गोपेश्वर। रविवार को शाम छह बजे से बदरीनाथ धाम से हेलीकॉप्टर के जरिए 545 को जोशीमठ और 250 तीर्थयात्रियों को गौचर हवाई पट्टी पहुंचाया गया। वहीं, बदरीनाथ से हनुमान चट्टी तक 700 लोगों को वाहन से लाया गया। जहां से उन्हें लामबगड़ होते हुए जोशीमठ पहुंचाया जा रहा है। जिलाधिकारी चमोली एसए मुरुगेशन ने बताया कि बदरीनाथ में अभी भी सात हजार 500 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। मौसम ने साथ दिया, तो तीन दिनों के भीतर सभी तीर्थयात्री निकाल दिए जाएंगे।
183 लाए राहत कैंप
गौचर। रविवार को सेना के हेलीकॉप्टर से गौरीकुंड, रामबाड़ा, जंगलचट्टी, गोविंदघाट और जोशीमठ से 183 आपदा प्रभावितों को निकालकर हवाई पट्टी राहत कैंप पहुंचाया गया। इन में 83 घायल हैं, जिनका कैंप में उपचार किया जा रहा है।
एक हजार यात्री निकाले
रुद्रप्रयाग। सेना के जवानों ने गौरीगांव, जंगलचट्टी, मुंडकटिया से रविवार को एक हजार तीन सौ 29 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकाला, जिनमें से 979 हेलीकॉप्टर और 350 लोगों को पैदल रेस्क्यू किया गया। अब तक कुल छह हजार सात सौ 30 तीर्थयात्रियों को रेस्क्यू किया गया है।
