
ददाहू (सिरमौर)। शनिवार देर रात रेणुका पुलिस की दिलेरी के चलते एक व्यक्ति को गिरी नदी में डूबने से बचा लिया गया। व्यक्ति शराब के नशे में धुत्त था, जो बाद में सड़क से गिरता हुआ सीधा गिरी नदी में समा गया। पुलिस के कुछ जवानों ने शराबी को गिरी नदी में गिरते देखा तो वे नदी में कूद पड़े। एसएचओ ददाहू भगतराम मेहता, मुख्य आरक्षी रणजीत सिंह व्यक्ति को नदी से बाहर निकालने में कामयाब रहे। बाद में एसएचओ ने अपनी सरकारी गाड़ी के जरिये पगडंडी के सहारे व्यक्ति को सड़क पर पहुंचाया। उसे बाद में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एसएचओ भगतराम मेहता ने बताया कि भूतमड़ी माइन पर काम करने वाला राज बहादुर शराब के नशे में धुत्त गिरी नदी में जा गिरा। उसे डूबने से बचा लिया गया। उधर, क्षेत्र में रेणुका पुलिस द्वारा एक व्यक्ति की जान बचाए जाने की घटना की प्रशंसा की जा रही है।
