
राजगढ़ (सिरमौर)। थाना क्षेत्र राजगढ़ के नेरीपुल-सोलन मार्ग में शिल्लबाग के समीप शनिवार रात को एक टाटा मोबाइल जीप के गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार जीप गांव धर्मा, तहसील ठियोग जिला शिमला निवासी प्रेम सिंह हाल ही में खरीदकर लाए थे और अभी तक इसे नंबर भी नहीं मिला था।
एप्लाइड फोर इस गाड़ी में वह अपने मित्रों के साथ ठियोग से वाया राजगढ़ होते हुए सोलन में मां शूलिनी मेला देखने जा रहे थे। शिल्लाबाग के समीप प्रेम सिंह जो स्वयं गाड़ी चला रहा था, अचानक नियत्रंण खो बैठे और जीप करीब दो सौ मीटर नीचे नदी में जा गिरी। इसमें चालक प्रेम सिंह (35) एवं गांव कल्योपाब तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर के रमेश कुमार (45) की मौके पर ही मौत हो गई। कोषणा गांव ठियोग तहसील जिला शिमला निवासी प्रताप सिंह उर्फ नीलू (28) और ठियोग तहसील के गांव मढेची निवासी बबलू (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल सोलन लेकर कई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया है। डीएसपी राजगढ़ भूपेंद्र बरागटा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों के पोस्टमार्टम स्थानीय चिकित्सालय में करवाकर शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
