
पांवटा साहिब (सिरमौर)। धौलाकुआं पंचायत प्रधान के घर अज्ञात चोरों ने कथित लूट का प्रयास किया। बरामदे में सो रही उनकी पत्नी को नशीला पदार्थ सुंघा बेहोश कर बांध दिया। इस बीच कमरे में सो रही प्रधान की बहन ने कमरे की बिजली जलाई। परिजनों के उठने की आशंका से चोर भाग खड़े हुए। पंचायत प्रधान ने पुलिस चौकी माजरा में शिकायत दर्ज करवाई है। धौलाकुआं पंचायत प्रधान मलकीत सिंह (34) ने बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे वारदात हुई। वे भारी उमस के चलते, कूलर चलाकर बरामदे में सो रहे थे। रात को नींद खुलने पर देखा कि समीप ही सो रही पत्नी राणों कुमारी (30) बेहोश थीं। मुंह, हाथ और पांव बंधे हुए थे। इसके बाद सभी परिजनों को उठाया।
उन्होंने बताया कि थोड़ी देर में होश में आने पर राणों ने बताया कि दो लोग थे। अंधेरे में पहचान नहीं हो सकी। इतना याद है कि कुछ सुंघाया। इसके बाद मुंह पर कपड़ा बांधा, हाथ-पांव भी बांध दिए। उसके बाद कुछ पता नहीं रहा। प्रधान ने बताया कि रात को बाहर बरामदे में आसपास ही सो रहे थे। संभवतया पत्नी को नशीला पदार्थ सुंघाने के बाद उनकी तरफ बढ़े होंगे। साथ लगते भीतर के कमरे में बहन सो रही थी। उनकी बहन ने बिजली जलाई। इससे चोर परिजनों के जागने की आशंका पर भाग खड़े हुए। रात को करीब ढाई बजे उठने पर पत्नी के मुंह पर कपड़ा बंधा देख घबरा गए। परिजनों को जगाया, बिजली जलाने पर राणो कुमारी के हाथ पैर बंधे पाए। देर रात को ही इसकी सूचना माजरा पुलिस थाने को दी गई। महिला को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
उधर, डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि धौलाकुआं पंचायत प्रधान मलकीत सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई है। माजरा पुलिस जांच में जुट गई है।
