अंतरराष्ट्रीय कार चोर गिरोह का मुखिया गिरफ्ता

शिमला। अंतरराष्ट्रीय चोर गिरोह का मुखिया त्रिलोचन उर्फ ताजा को शिमला पुलिस ने अमृतसर में गिरफ्तार कर लिया है। त्रिलोचन को अमृतसर से शिमला लाया जा रहा है। ये गिरोह लग्जरी गाड़ियों को चुराकर नकली दस्तावेज बनाकर बेच देता था। शिमला शहर से एक हफ्ते में तीन लग्जरी गाड़ियां त्रिलोचन के इशारे पर उठाई गईं। इसका गुर्गा चौथी गाड़ी को चोरी करते हुए पुलिस की पकड़ में आ गया। गुर्गा गुलजार पुलिस रिमांड पर है। अब दोनों से आमने-सामने पूछताछ की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक त्रिलोचन शिमला में ही नहीं बल्कि दिल्ली से भी लग्जरी गाड़ियों की चोरी करवाता है। हिमाचल के किन-किन जिलों में इसके तार हैं, इसका खुलासा पूछताछ के बाद ही हो पाएगा। शिमला से इसके गुर्गे गुलजार ने दो इंडिको और एक इंडिका कार चुराई। चौथी गाड़ी बलेरो कैंपर चुराते हुए इसे ढली पुलिस ने धर लिया। गुलजार ने पुलिस पूछताछ के दौरान कहा कि वह अमृतसर में त्रिलोचन को गाड़ी सौंप देता था। उसके बाद अगली चोरी की ओर निकल जाता था। गुलजार ने कहा कि त्रिलोचन उसे लग्जरी गाड़ी पर 50 हजार रुपये देता था। गाड़ी के नकली कागजात तैयार कर त्रिलोचन आगे गाड़ी कितने में बेचता है, उसे नहीं मालूम। गुलजार के हिरासत में आने के बाद से त्रिलोचन फरार चल रहा था। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने कहा कि त्रिलोचन दिल्ली से भी चोरी हुई गाड़ियों को बेचता रहा है। हिमाचल में और कहां इसके तार हैं, पूछताछ के बाद पता चलेगा। अभी तक गुलजार ने जो कहा, उसकी सच्चाई का पता भी त्रिलोचन से पूछताछ के बाद होगा। मौजूदा समय में गुलजार को थाना ढली से शिफ्ट कर थाना सदर भेजा गया है। वहां से भी एक गाड़ी चोरी मामले में गुलजार की तलाश थी।

Related posts