
मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र उपचुनाव रविवार को शांतिपूर्वक संपन्न हो गए। इसी के साथ चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला भी इलेक्ट्रोनिकवोटिंग मशीनों में कैद हो गया है। अब वोटिंग मशीनों से प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा मतगणना के साथ ही खुलेगा। मंडी संसदीय उपचुनाव के चलते रविवार को 16 विधानसभा क्षेत्राें की जनता ने वोट डाले। मंडी जिला में 9 विधानसभा क्षेत्रों की जनता ने अपने पसंदीदा प्रत्याशी के लिए मतदान किया है। ईवीएम में कैद प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला 30 जून को होगा। मंडी जिले में दो मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिसमें एक मतगणना केंद्र आईटीआई मंडी जबकि दूसरा मतगणना केंद्र पॉलीटेक्निक कालेज सुंदरनगर में बनाया गया है। मतगणना केंद्र आईटीआई मंडी में 5 विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना होगी। जिसमें द्रंग, जोगिंद्रनगर, मंडी, बल्ह तथा सरकाघाट विस क्षेत्र शामिल हैं। जबकि पॉलीटेक्निक कालेज सुंदरनगर में शेष चार विधानसभा क्षेत्रों करसोग, सुंदरनगर, नाचन तथा सराज की मतगणना होगी। मतदान के बाद अब सभी ईवीएम मशीनों को मतगणना केंद्रों में स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने पुख्ता प्रबंध किए हैं। स्ट्रांग रूम के इनर कॉर्डन में सीपीएमएफ जवानों का पहरा रहेगा। जबकि बाहरी कॉर्डन में ईवीएम की सुरक्षा के लिए लोकल पुलिस तैनात रहेगी। स्ट्रांग रूम में जमा सभी ईवीएम 30 जून को मतगणना के दिन ही बाहर निकाली जाएंगी। मंडी लोकसभा उपचुनाव में इस बार चार प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हुआ है। इनमें भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर, कांग्रेस की प्रतिभा सिंह, प्रिज्म पार्टी के लवण ठाकुर तथा कुल्लू जिला के निरमंड से सुभाष मोहन स्नेही शामिल हैं।
