
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश प्रधानाचार्य एवं निरीक्षण अधिकारी संघ में मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। संघ की प्रदेश कार्यकारिणी ने जहां 25 जून को हमीरपुर में बैठक के आयोजन से इंकार किया है। संगठन की कई जिला इकाइयों के मुखियों ने इस बैठक के लिए तैयारियों को अंतिम रूप भी दे दिया है। मौजूदा स्थिति के चलते संघ की एकजुटता पर संकट के बादल मंडराते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार प्रधानाचार्य एवं निरीक्षण अधिकारी संघ में करीब डेढ़ माह पूर्व गुटबाजी की झलक दिखने लगी थी। 12 मई को मंडी में राज्य कार्यकारिणी के चुनाव रखे गए थे। कई जिला इकाइयों ने उन दिनों विवाह समारोहों व अन्य कार्यक्रमों का हवाला देते हुए चुनाव स्थगित करने की सिफारिश की थी, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में राज्य कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया। इसके बावजूद गत 16 जून को हमीरपुर में राज्य स्तरीय बैठक निर्धारित की गई थी। आपसी सहमति से इसे स्थगित करके इसके लिए 25 जून का दिन निर्धारित किया गया था। प्रदेश कार्यकारिणी इससे इंकार कर रही है, लेकिन कई जिला इकाइयों ने इसके लिए कमर कस ली है।
संघ के बिलासपुर जिला अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह राव, सोलन के नरेंद्र शर्मा, शिमला के योगेंद्र मखैक, कांगड़ा के अनिल नाग व हमीरपुर के मदन बनियाल ने कहा कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संगठन की राज्य स्तरीय बैठक 25 जून को वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला हमीरपुर में सुबह 11 बजे से शुरू होगी। उन्होंने सभी जिला इकाइयों के नुमाइंदों से इसमें उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। माना जा रहा है कि यदि हमीरपुर में प्रस्तावित उक्त बैठक में जिला इकाइयों की संख्या उम्मीदों के अनुरूप रही तो प्रदेश कार्यकारिणी का नए सिरे से गठन भी होगा।
