नलों को निकाल सीधे लग रहे टुल्लू पंप

बरठीं (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता की बड़गांव पंचायत में इन दिनों पानी का संकट पैदा हो गया है। गांव में लगे अधिकतर हैंडपंप खराब हो गए हैं। जो चल रहे हैं, उनमें भी मटमैला पानी आ रहा है। लोगों ने आईपीएच विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ग्रामीण नवीन कुमार, सुरेश कुमार, राजू राम, दिनेश कुमार, हरि राम, बुद्धि सिंह, नरेश कुमार, राजकुमार, अमर सिंह, प्रेमी देवी, राम प्यारी, राजो देवी, अजुध्या देवी, कमला देवी, रीना कुमारी, प्रेम सिंह, करतार सिंह, मुंशी राम, मगनी राम, विजय सिंह, कमल देव, प्यार सिंह, शमशेर सिंह ने बताया कि विभाग की मिलीभगत से कुछ लोगाें ने सीधे नल की टूटी निकालकर टुल्लू पंप लगा रहे हैं। इससे इलाके में पानी के लिए हाहाकार मच गया है। इस वजह से पंचायत के अधिकतर नल भी सूख गए हैं। यदि कर्मचारियों व अधिकारियों से पानी न आने की शिकायत की जाए तो वह टैंक में पानी नहीं होने या फिर बिजली नहीं होने की बात कहकर पल्लू झाड़ लेते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग टुल्लू पंप लगाने वालों पर आज तक कोई भी कार्रवाई नहीं की है। विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही क े कारण पंचायत के टीहरा में बना टैंक गंदगी से भरा पड़ा है। इस कारण पानी पीने योग्य नहीं है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग के सहायक अभियंता राकेश वैद्य ने बताया कि टैंक में गंदगी होने पर टैंक को साफ करवा दिया जाएगा। टूल्लू पंप लगाने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा। कर्मचारियों को आदेश दिए हैं कि यदि कोई भी उपभोक्ता नल से टुल्लू पंप लगाता हुआ पकड़ा जाता है तो उसका टुल्लू पंप जब्त किया जाए और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।

Related posts