
भरमौर (चंबा)। जून का महीना, मौसम साफ और भरमौर उपमंडल के सभी सड़क मार्ग खुले होने के बावजूद भरमौर चुनाव क्षेत्र में मंडी उपचुनाव के मतदान दिवस पर पहले के चुनावों की तरह कहीं भी लंबी कतारें नजर नहीं आई। अधिकतर बूथों में ग्रामीण वोट डालने के बजाय अपने घरों में दुबके रहे। जनजातीय क्षेत्र के वोटरों ने मंडी संसदीय क्षेत्र के उपचुनाव में खास दिलचस्पी नहीं दिखाई। शाम चार बजे तक भरमौर चुनाव क्षेत्र में 40 प्रतिशत के करीब ही मतदान हो पाया। वोटरों का घरों से मतदान के लिए न निकलना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। माना जा रहा है कि इन दिनों खेतीबाड़ी का काम जोरों पर है। एक तरफ गेहूं की कटाई, दूसरी तरफ मक्की की गुड़ाई और माह तथा राजमाह की बिजाई का काम चला हुआ है। इसके चलते किसानों ने मतदान में दिलचस्पी नहीं दिखाई। तहसील मुख्यालय भरमौर के दो पोलिंग बूथों में दोपहर बारह बजे के बाद सन्नाटा पसरा रहा। इन बूथों पर इक्का- दुक्का मतदाताओं को छोड़कर पोलिंग पार्टियां मतदाताओं का इंतजार करती रहीं। अकसर भरमौर, संचूई, मलकौता, खणी पोलिंग बूथों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलती थीं। कई बार इन पोलिंग बूथों में मतदान डालने का समय पूर्ण होने के बाद भी मतदान करवाना पड़ता था। अभी हाल में ही हुए विस चुनावों में इन पोलिंग बूथों में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिली थी। उस समय मौसम ठंडा होने के बावजूद मतदाताओं ने चुनावों में भारी उत्साह दिखाया था। जून माह के अनुकूल मौसम में मतदान के लिए कम भीड़ जुटना कई सवाल पैदा कर रहा है।
भरमौर में 57 प्रतिशत हुआ मतदान
भरमौर चंबा। मंडी संसदीय उपचुनाव के चलते मतदान के दिन माहौल काफी शांतिपूर्वक रहा। भरमौर के 105 पोलिंग बूथों में मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या पेश नहीं आई। सुबह से लेकर शाम पांच बजे तक मतदान शांतिपूर्वक तरीके से चलता रहा। भरमौर के कुल 65446 मतदाताओं में से 37058 मतदाताओं में मत का प्रयोग किया। बीते साल चार नवंवर माह में हुए विस चुनाव में भरमौर-पांगी में 75 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ था। उस वक्त कुल 63479 मतदाताओं में से 47783 मतदाताओं ने मत का प्रयोग किया था। विस चुनावों में 1967 नए मतदाता शामिल हुए थे। इसके बावजूद भी मतदान का प्रतिशत 55 प्रतिशत के करीब रहा। उधर, एसडीएम डा. जितेंद्र कंवर ने बताया कि भरमौर में 57 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ है। पांगी के एक दो पोलिंग स्टेशनों को छोड़कर 55 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ है।
