रजत हत्याकांड में दो की गिरफ्तारी

फतेहपुर (कांगड़ा)। बहुचर्चित रजत हत्याकांड मामले में परतें खुलनी शुरू हो गई हैं। लंबे समय से फाइलों में दफन केस को पुलिस ने रिओपन कर दिया है। पुलिस ने रजत हत्याकांड मामले में संलिप्त दो युवकों को रविवार को गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी फतेहपुर तिलक राज के नेतृत्व में पुलिस ने मामले में संलिप्त रहे दो युवकों मनीश व अंकू निवासी हाड़ा को रविवार को गिरफ्तार किया। गौरतलब है कि पिछले साल 26 जून को सैकड़ों की तादाद में लोगों ने रजत की मौत को हत्या करार देते हुए दोषियों को पकड़ने के लिए हाड़ा चौक पर चक्का जाम किया था। डीसी कांगड़ा सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बावजूद गुस्साए लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया था। इससे कई पुलिस कर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में करीब 502 लोगों पर मामला दर्ज किया था। इनमें करीब एक दर्जन आरोपी उसी समय गिरफ्तार कर लिए गए थे। जबकि बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। पुलिस ने एक बार फिर से गिरफ्तारियां करने से आरोपियों में हड़कंप मचना शुरू हो गया है। डीएसपी धर्म चंद वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Related posts