रैबीज से एक गाय, पांच कुत्तों की मौत

डरोह (कांगड़ा)। निकटवर्ती पंचायत गढ़ बस्ती में रैबीज से एक गाय और पांच कुत्तों की मौत हो गई है। गांव के एक दलित परिवार की गाय पिछले कुछ दिनों से बीमार थी। गाय को उपचार के लिए गढ़ बस्ती पशु चिकित्सालय में लेकर गए। वहां मौजूद डाक्टर सुषमा राणा ने गाय को रैबीज बीमारी बर्ताई। डाक्टर के अनुसार गाय में रैबीज पूरी तरह से फैल चुका था।
उधर, इसी गांव में गत दिवस पांच अलग-अलग जगहों पर गांववासियों ने पांच कुत्तों को मृत पाया। लोगों में इस बात से दहशत है कि अगर इस बीमारी पर काबू नहीं पाया गया, तो कहीं यह महामारी का रूप ही धारण न कर ले। उधर पालमपुर पशु विश्वविद्यालय की टीम भी उक्त गांव का दौरा कर चुकी है। वहीं, प्रशासन की ओर से पटवारी, कानूनगो और तहसीलदार भी गांव का दौरा कर चुके हैं। पालमपुर पशु विश्वविद्यालय के सहायक निदेशक कैटल प्रोडक्शन डाक्टर सुशील शर्मा ने माना कि गढ़ बस्ती गांव में रैबीज से एक गाय व पांच कुत्तों की मौत हुई है। डाक्टरों की पूरी टीम गांव का दौरा कर चुकी है तथा पशुओं को दवाइयां दी जा रहीं हैं।

सीपीएस ने भी दिए आदेश
डरोह (कांगड़ा)। सुलह के विधायक एवं मुख्य संसदीय सचिव जगजीवन पाल ने गढ़ बस्ती में रैबीज के मामले पर पशु पालन विभाग को कड़े आदेश दिए हैं कि वह प्रभावित गांव में जाकर लोगों के पशुओं को उपचार मुहैया कराएं।

Related posts