
मैहतपुर (ऊना)। स्थानीय औद्योगिक क्षेत्र के प्लास्टिक उद्योग की यूनिट में कपड़ा प्रिंटिंग करने वाले एक कारखाने में आग लगने से प्रिंटिंग मशीन को नुकसान पहुंचा है। दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही स्थानीय स्तर पर प्लास्टिक उद्योग के दोनों यूनिटों के श्रमिकों ने आग पर काबू पा लिया जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हो सका। डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र के एक प्लास्टिक बैग तैयार करने वाले उद्योग में दोपहर तकरीबन पौने तीन बजे अचानक आग लगने से यूनिट में अफरातफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि प्लास्टिक के कपड़े पर प्रिंटिंग करने वाली क्रोना नामक इस मशीन में अचानक आग लग गई। हालांकि, आग लगने की असली वजह मशीन का गर्म होना बताया गया है जबकि यूनिट के सूत्रों ने शॉर्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया है।
उद्योग यूनिट के सूत्रों ने कहा कि मशीन में एक साथ पांच से छह रोल चलते हैं उनको भी नुकसान हुआ है। आग को जल्द काबू न किया गया होता तो नुकसान काफी ज्यादा हो सकता था। फैक्टरी के सूत्रों की मानें तो आगजनी के वक्त यूनिट में लगभग 70 के करीब श्रमिक काम कर रहे थे। जिस मशीन को आग से नुकसान हुआ है, वह बेहद महंगी बताई जाती है।
