
विकासनगर। कोतवाली पुलिस ने शनिवार को अवैध खनन के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान पूरे यमुना खादर में डंपर और ट्रैक्टर ट्रालियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने आठ वाहनों को पकड़ कर सीज कर दिया, जबकि दो ट्रैक्टर ट्रालियां भाग खड़ी हुई।
पुलिस को सूचना मिली कि शक्ति नहर पुल नंबर एक के पार यमुना खादर स्थित एक टापू में कई वाहन अवैध खनन के लिए उतरे हुए हैं। इस पर पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर यमुना खादर में कार्रवाई शुरू की। पुलिस को देखकर खनन माफिया में अफरा-तरफी मच गई। भगदड़ में आठ वाहन रेत और गाद में फंस गए। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। भागने के चक्कर में एक डंपर पत्थर से टकरा गया, जिससे उसके शीशे चटक गए। दो चालक ट्राली छोड़कर और ट्रैक्टर लेकर फरार हो गए। एसएसआई ने बताया कि चार डंपर, दो ट्रैक्टर ट्राली और दो ट्राली को कोतवाली में सीज कर दिया गया है। इसके अलावा चालक अब्बास पुत्र मुमताज निवासी रूद्रपुर के खिलाफ 26 फारेस्ट एक्ट और चोरी का मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
