
टनकपुर। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावितों का हाल जाना। उन्होंने राहत कार्य में प्रशासन पर सुस्ताई बरतने का आरोप लगाते हुए रोष जताया है।
शनिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने टनकपुर बैराज के तटबंध में हो रहे कटाव के अलावा शारदा घाट, शारदा चुंगी कालोनी के अलावा उचौलीगोठ, थ्वालखेड़ा, बोहरागोठ, बसानीगोठ, बूम, गैंड़ाखाली आदि गांवों में शारदा और बरसाती नालों से हुई तबाही का भी जायजा लिया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि दैवीय आपदा के लिहाज से जिले का मैदानी क्षेत्र टनकपुर-बनबसा भी बेहद संवेदनशील है। शारदा और हुड्डी नदी में हो रहे कटाव से कई गांवों को खतरा पैदा हो गया है। नदी-नाले बरसात में कभी भी तबाही मचा सकते हैं। श्यामलाताल और सूखीढांग की पहाड़ियों में हो रहे भूस्खलन से कई गांव खतरे की जद में आ गए हैं। उन्होंने कहा कि समूचा क्षेत्र आपदा से बुरी तरह प्रभावित है। गरीब परिवारों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट बना हुआ है, मगर प्रशासनिक अमला सुस्त बना हुआ है। अभी तक प्रभावितों को पर्याप्त राहत नहीं दी गई है। इस मौके पर कमल पंत, मुकेश साहू, अंकित अग्रवाल, योगेश जोशी, भीम रजवार आदि मौजूद थे।
