निजी अस्पताल परिसर से बाइक चोरी

पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा शहरी क्षेत्र में फिर से वाहन चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। देहरादून-पांवटा एनएच-72 मार्ग में मोगीनंद के समीप एक निजी अस्पताल के समीप से एक बाइक चोरी हो गई। पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवा दी गई है। कांशीपुर निवासी अभिमन्यु सिंह ने कहा कि वह मोगीनंद के समीप एक निजी अस्पताल में कार्यरत हैं। रोजमर्रा की तरह बाइक पर अस्पताल पहुंचे। सुबह 11 बजे बाइक एचपी17सी 2516 गेट के भीतर खड़ी की। करीब 4 बजे शाम को अस्पताल से निकले, लेकिन बाइक गायब थी। उन्होंने बताया कि बाइक उनके छोटे भाई कुलदीप सिंह के नाम पंजीकृत है। इस बारे में डीएसपी पांवटा कार्यालय में लिखित शिकायत कर दी गई है। अस्पताल से करीब 100 मीटर दूर शिलाई के विधायक बलदेव तोमर का आवास है। उनके छोटे भाई राजेंद्र तोमर की बोलेरो गाड़ी भी गत 13 फरवरी को चोरी हुई है। 4 माह बाद भी गाड़ी का कोई पता नहीं चला है। डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर ने इसकी पुष्टि की है। डीएसपी ने कहा कि एनएच-72 पर एक निजी अस्पताल परिसर से बाइक चोरी की शिकायत मिली है। बाइक चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Related posts