मतदान से पहले होली-खड़ामुख मार्ग बंद

होली (चंबा)। एक कंपनी की भारी भरकम मरीशरी को दिन में यातायात की व्यस्तता के बावजूद प्रमुख सड़क पर ले आने से खड़ामुख-होली मार्ग अवरुद्ध हो गया है। इस कारण यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। शनिवार शाम तीन बजे के करीब एक निजी कंपनी की टनल खोदने के लिए ले जाई जा रही मशीन च्योली में फं स गई है। इससे जहां वाहनों की आवाजाही बंद होने से होली जोन वाले और होली से आने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बड़ी बात यह है कि रविवार को मंडी संसदीय उपचुनाव के तहत होली की पंचायतों में भी मतदान होना है। इसके लिए इस मार्ग पर शनिवार से लेकर सोमवार तक 24 घंटे वाहनों की अवाजाही बहाल रखने की जरूरत थी, मगर बड़ा वाहन फंस जाने से प्रशासन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल मार्ग को बहाल करने की कोशिश की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक मार्ग बहाल नहीं हो पाया था। उधर, यह मार्ग बंद होने के कारण लांग रूट की कोई भी बस इस मार्ग पर नहीं चल पाई। यात्री प्रेम चंद, रिझू राम, औंकार, प्रवीन, रतन चंद, सीटू, राम कृष्ण और अनीता ने बताया कि मार्ग बंद होने से उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, एडीएम भरमौर बीआर कमल ने होली मार्ग बंद होने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि वैसे तो विद्युत परियोजनाओं के लिए ऐसी बड़ी मशीनरी रात को ले जाई जाती हैं, जिससे दिन के समय यातायात प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि जीएमआर कंपनी की मशीनरी दिन में इस तरह प्रमुख मार्ग में फंसा कर परेशानी खड़ी की गई है। उन्होंने एसएचओ भरमौर को वाहन का चालान काटने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

Related posts