सहयोग के बजाय भड़का रहे भाजपा नेता : जगत

रिकांगपिओ (किन्नौर)। विधानसभा उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि बारिश से किन्नौर जिले में भारी तबाही हुई है। ऐसे में यहां के लोगों को सबके सहयोग की जरूरत है, लेकिन भाजपा नेता राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने के बजाय लोगों को भड़का रहे हैं।
रिकांगपिओ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए क्षेत्रीय विधायक ने कहा कि अनुराग ठाकुर का यह कहना बिल्कुल गलत है कि राहत एवं बचाव कार्य ढीला चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगर भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग जिले के लोगों के इतने ही हितैषी थे तो वे टापरी से ऊपर क्यों नहीं आए? सड़क ठीक देखी तो टापरी का दौरा कर लिया। उन्होंने जिले में एनएच को बहाल करने के लिए एनएच प्राधिकरण, बीआरओ समेत निजी कंपनियों की डेढ़ दर्जन से अधिक मशीनें लगाई हैं और जल्द से जल्द सड़क बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनएच पर रिकांगपिओ से रल्ली और रामपुर से कड़छम तक वाहनों की आवाजाही शुरू हो रही है। रल्ली से कड़छम तक बंद दो किमी एनएच पर काम युद्ध स्तर पर है। उन्होंने हेलीकॉप्टर में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के घूमने के आरोप को गलत ठहराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी सेवा का गलत उपयोग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले पूर्व बागवानी नरेंद्र बरागटा और उनके साथ प्रचार को आए दो दर्जन लोग हेलीकॉप्टर से रामपुर रवाना हुए। कांग्रेस ने तो इस पर कोई सवाल नहीं उठाया।

Related posts