
काजा (लाहौल स्पीति)। सीमा सड़क संगठन ने आखिरकार काजा-मनाली सड़क को बहाल कर दिया है। शुक्रवार से इस पर छोटे वाहन दौड़ने लगे हैं। अब जल्द सड़क पर बसों की आवाजाही भी शुरू हो जाएगी। नवंबर से अवरुद्ध सड़क के खुलने से आम लोगों के साथ ही पर्यटकों ने भी राहत की सांस ली है। नवंबर में हुई भारी बर्फबारी से काजा-मनाली सड़क अवरुद्ध हो गई थी। अमूमन यह सड़क मई के आखिरी हफ्ते में खुल जाती थी, लेकिन इस बार सड़क बहाली का कार्य जून तक चला। शुक्रवार को सीमा सड़क संगठन ने जैसे ही आखिरी बाधा पार की तो सड़क पर छोटे वाहन दौड़ने लगे। शुक्रवार को ही मनाली से काजा और काजा से मनाली के लिए दो दर्जन से अधिक छोटे वाहन निकले। शनिवार को भी काजा से मनाली की ओर से वाहनों की आवाजाही जारी रही। अधिक वाहन यहां घूमने पहुंचे पर्यटकों के नजर आए, जो सड़क बंद होने के कारण कई दिन से यहां फंसे हुए थे। सड़क खुलने से आम लोगों को भी राहत मिली है। इस समय किन्नौर-काजा नेशनल हाईवे के अवरुद्ध होने के कारण स्पीति वैली के लोग शिमला समेत अन्य स्थानों के लिए वाया मनाली होकर सफर कर सकेंगे।
एसडीएम काजा राहुल चौहान ने काजा-मनाली सड़क के छोटे वाहनों के लिए खुलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बीआरओ सड़क को छोटे वाहनों के लिए जल्द से जल्द बहाल करने में जुटा है। छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू होने पर वैली में घूमने आए पर्यटकों ने वाया मनाली होकर वापस जाना शुरू कर दिया है।
