
हल्द्वानी/रामनगर। रेलवे आपदा प्रभावितों के लिए विशेष ट्रेन चला सकता है। प्रशासन ने आपदा प्रभावितों को निकालने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे से मदद मांगी है। इस सिलसिले में शुक्रवार को डीआरएम उमेश सिंह काठगोदाम पहुंचे। इसके बाद तात्कालिक तौर पर काठगोदाम और रामनगर से चलने वाली ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया गया है।
आपदा प्रभावितों को कर्णप्रयाग-चौखुटिया होते हुए रामनगर और काठगोदाम-हल्द्वानी से भी निकाला जा रहा है। ऐसे में नैनीताल प्रशासन ने आपदा प्रभावितों के लिए रामनगर और हल्द्वानी से विशेष ट्रेन चलाने की मांग पूर्वोत्तर रेलवे के अधिकारियों से की थी, इसे देखते हुए इज्जतनगर मंडल डीआरएम उमेश सिंह अधिकारियों के साथ काठगोदाम स्टेशन पहुंचे और तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को यात्रियों की संख्या और कब ट्रेन की जरूरत है, उसको जानकारी देनी होगी, हम स्पेशल ट्रेन चला देंगे। ट्रेनों को रामनगर-काशीपुर और काठगोदाम-रामपुर होते हुए दिल्ली तक चलाया जा सकता है। इसके बाद रेलवे ने एहतियातन काठगोदाम से चलने वाली सभी ट्रेनों में एक-एक कोच अतिरिक्त लगा दिया है। रामनगर के स्टेशन अधीक्षक राम सिंह ने बताया कि हरिद्वार लिंक एक्सप्रेस में चार कोच अतिरिक्त लगाए जायेंगे। इसके अलावा करीब 1200 की क्षमता वाले विशेष डिब्बे(एनपी) भी मंगाए गए हैं। इस दौरान काठगोदाम स्टेशन प्रबंधक सुनील यादव आदि मौजूद थे।
70 वाहन और भेजे गए
हल्द्वानी।आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को निकालने के लिए शुक्रवार को 70 वाहन और भेजे गए हैं। संभागीय परिवहन अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि 40 बस और 30 जीपों को भेजा गया है। जिनसे आपरेशन चलाया जाएगा। रिजर्व में अन्य वाहनों को रखा गया है। वहीं, गुरुवार को जो 79 बसें, जीपें भेजी गई थी, उनको चमोली से यात्रियों को ऋषिकेश पहुंचाने को भेजा गया है।
यूपी रोडवेज को भी तैयार रहने को कहा
हल्द्वानी। आपदा प्रभावितों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त बसें चलाने की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में जिला प्रशासन ने यूपी रोडवेज को भी तैयार रहने को कहा गया है। सिटी मजिस्ट्रेट आरडी पालीवाल ने बताया कि बरेली, पीलीभीत, रामपुर और मुरादाबाद के रोडवेज अधिकारियों से बात की गई है, प्रत्येक डिपो से 10-10 बसें मिल सकती है। यूपी बसें देने को तैयार है।
