सभी लोक शिक्षा केंद्रों को नियमित खोलने के निर्देश

चंपावत। साक्षर भारत कार्यक्रम के राज्य परियोजना प्रबंधक एसबी जोशी ने सभी ग्राम पंचायतों में निरक्षरों के सर्वे प्रपत्रों को इंटरनेट पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों से रूबरू हुए परियोजना प्रबंधक ने प्रतिदिन ग्राम लोक शिक्षा केंद्रों को पांच घंटे और साक्षरता केंद्रों को दो घंटे तक नियमित रूप से खोलने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी डीसी गौड़, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक एके सिंह, खंड शिक्षाधिकारियों, जिला और ब्लाक समन्वयकों को प्रेरकों के नवीनीकरण के निर्देश भी दिए।
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि 24 जून से भारत सरकार की टीम की ओर से लोक शिक्षा केंद्रों का अनुश्रवण के साथ कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। जिला समन्वयक इंद्र लाल वर्मा ने बताया कि अगस्त माह में बेसिक साक्षरता परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसके लिए चंपावत जिले में 5500 निरक्षरों का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि आगामी परीक्षा के लिए ग्राम लोक शिक्षा केंद्रों में नामांकन प्रारंभ हो गए हैं।

Related posts