
चंपावत। मासिक स्टाफ बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी ने राजस्व वसूली और विभागीय प्रगति पर नाराजगी जताई है। शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदारों को अगली बैठक में बेहतर प्रगति और समस्त विभागीय जानकारी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग आपसी सामंजस्य स्थापित करते हुए कार्य करें तभी अपराधों पर नियंत्रण संभव हो पाएगा। उन्होंने सभी एसडीएम को समय-समय पर पुलिस क्षेत्राधिकारी के साथ थानों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मजिस्ट्रेटी जांच से संबंधित तीन मामलों में एक साल बाद भी रिपोर्ट प्राप्त न होने के मामले को गंभीरता से लिया। बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी पीएस पांगती ने विभिन्न मामलों के पंजीकरण, खारिज, चालान, चार्जशीट, आरोपपत्र और विवेचनाओं के संबंध में जानकारी दी। बैठक में परिवहन विभाग, खाद्यान्न विभाग के साथ ही स्थानीय निकायों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने कलक्ट्रेट के पटल सहायकों को बेहतर कार्यप्रणाली के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए। इस मौके पर एडीएम दीप्ति सिंह, एसडीएम प्रत्यूष सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मनोज पांडेय सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
