
अल्मोड़ा। जिला योजना से अल्मोड़ा नगर और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए 90 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इस धनराशि से सड़क किनारे नाली निर्माण, मार्ग सुधारीकरण आदि कार्य किए जाएंगे।
पालिका सभासद अशोक पांडे ने बताया कि अल्मोड़ा लिंक रोड में टैक्सी स्टैंड से बीएसएनएल कार्यालय तक सड़क किनारे पक्की नाली निर्माण, माल रोड में शिखर होटल से होली-डे होम तक सड़क किनारे नाली निर्माण, सड़ियापानी-माट सड़क सुधारीकरण, एलआर साह रोड में शिखर तिराहे से बीएसएनएल कार्यालय तक पक्की नाली निर्माण को को चार-चार लाख रुपये की मंजूरी मिली है।
इसके अलावा रानीधारा-धार की तूनी मार्ग के डामरीकरण, नाली निर्माण को 15 लाख, रोडवेज वर्कशॉप से पीडब्लूडी कालोनी तक 200 मीटर मार्ग निर्माण को आठ लाख, लोनिवि प्रांतीय खंड अल्मोड़ा को नंदा राजजात यात्रा मार्ग मरम्मत, रोड साइनेज आदि कार्यों के लिए 15 लाख और निर्माण खंड को बीस लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। एनटीडी-कपड़खान मार्ग के सुधारीकरण को 10 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। जिला योजना से धनराशि स्वीकृति के लिए सभासदों ने संसदीय सचिव मनोज तिवारी, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी और जिलाधिकारी अक्षत गुप्ता का आभार जताया है।
