
अल्मोड़ा। सेंट्रल बैंक की स्थानीय शाखा के प्रबंधक शीतला प्रसाद गुप्ता ने बाड़ीबगीचा निवासी एक व्यक्ति पर फर्जी दस्तावेज के सहारे धोखाधड़ी कर बैंक से पांच लाख रुपये का ऋण लेने का आरोप लगाया है। प्रबंधक ने आरोपी व्यक्ति के खिलाफ अल्मोड़ा थाने में धारा 420 में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना पुलिस ने बताया कि शाखा प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कहा है कि बाड़ीबगीचा निवासी मो. आरिफ पुत्र रईस उद्दीन ने बैंक से धोखाधड़ी कर जनवरी 2012 में पांच लाख रुपये का ऋण लिया। लेकिन जमा नहीं किया। जिस पर ब्याज लगकर यह धनराशि 5,31,841 रुपये हो गई है। प्राथमिकी में कहा गया है कि आरोपी व्यक्ति ने लोन लेते समय एक अन्य बैंक का नोड्यूज का फर्जी दस्तावेज लगाया है, जबकि मो. आरिफ ने उस बैंक से भी ऋण लिया है।
उन्होंने पुलिस से आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इधर पुलिस के वरिष्ठ उप निरीक्षक केआर आर्या ने बताया कि धारा 420 में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की विवेचना के बाद आरोपी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
