नालागढ़ में रोपे जाएंगे पौधे

नालागढ़ (सोलन)। ‘मेरा शहर मेरी पहचान’ के तहत उपमंडल प्रशासन ने शहर की सुंदरता के लिए सफाई अभियान छेड़ रखा है, वहीं अब इसी कवायद के तहत शहर में करीब 2000 विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर शहर के सौंदर्यीकरण को बढ़ाए जाने का प्रयास किया जा रहा है।
बरसात के दिनों में उपमंडल प्रशासन शहर के अंतर्गत आने वाले कालेज, आईटीआई, स्कूल परिसर, शैक्षणिक संस्थानों के अलावा खाली पड़ी सरकारी भूमि पर पौधारोपण करेगा, जिसके लिए उपमंडल प्रशासन विभिन्न विभागों की जिम्मेवारी सुनिश्चित बनाने के दृष्टिगत जल्द बैठक बुलाएगा। इस बैठक में पौधारोपण का प्राक्कलन तैयार किया जाएगा और किस स्थान पर किस प्रजाति के कितने पौधे रोपे जाएंगे, इसकी रूपरेखा तैयार की जाएगी। वन विभाग उपमंडल की 369 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के लिए करीब 5 लाख पौधे रोपेगा, जिसमें पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में औषधीय, सजावटी आदि पौधे शामिल होंगे। इनमें बांस, शीशम, हरड़, बेहड़ा, जामुन, नीम, कीकर, अर्जुन, खैर और कराल आदि के पौधे शुमार हैं।
इस संबंध में डीएफओ नालागढ़ एसपी सिंह ने कहा कि वन विभाग स्वयंसेवी संगठनों व विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को भी इस अभियान में अपने साथ जोड़ेगा, जिससे अधिक से अधिक पौधे रोपे जा सकें। बीबीएनडीए के एडिशनल सीईओ राजेश्वर गोयल ने बताया कि ग्रीन बीबीएन मुहिम में सभी के सहयोग, भागीदारी व आपसी तालमेल से क्षेत्र के ग्रीन कवर को बढ़ाने व सौंदर्यीकरण की योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

Related posts