उद्योगपतियों को मिली राहत

परवाणू (सोलन)। परवाणू ट्रक और कैंटर यूनियन मालभाड़ा किराये में आठ प्रतिशत की बढ़ोतरी करेगी। यूनियनों ने परवाणू में उद्योग संघ के साथ बैठक कर यह निर्णय लिया। इससे पहले 14 प्रतिशत की बढ़ोतरी प्रस्तावित थी। अब यह तर्क दिया जा रहा है कि मौजूदा समय में बढ़ती बिजली की दरें और विशेष औद्योगिक पैकेज का खत्म होने से उद्योग आर्थिक तंगहाली में है। ऐसे में एकमुश्त चौदह फीसदी की बढ़ोतरी उचित नहीं है। इसी कारण सात फीसदी मालभाड़ा में बढ़ोतरी का फैसला लिया गया है। यह बढ़ी दरें एक जुलाई से लागू होंगी।
बैठक में परवाणू उद्योग संघ के प्रधान अनिल सहगल और सचिव राकेश बंसल ने कहा कि मौजूदा हालात में आर्थिक मंदी की समस्या है। उद्योगों की आर्थिक हालत सही नहीं है। इसे देखते हुए यूनियनों ने छह प्रतिशत की बढ़ोतरी फिलहाल रोक दी है। बढ़ोतरी एक जुलाई से लागू होगी। बैठक में फैसला लिया गया कि एक 12 सदस्यों की कमेटी गठित की जाएगी, जो भविष्य में मालभाडे़ में कमी और बढ़ोतरी संबंधित फैसले लेगी। इस बैठक ट्रक यूनियन प्रधान हरदीप बाबा, कैंटर यूनियन प्रधान रमनदीप सिंह, धर्मपुर ट्रांसपोर्ट्स नरेश अग्रवाल, परवाणू उद्योग संघ के प्रधान अनिल सहगल, सचिव राकेश बंसल, ट्रांसपोर्ट्स यूनियन के प्रधान एमआर ग्रोवर, कैंटर यूनियन के कोषाध्यक्ष ठाकुर दास शर्मा व पटेल रोडवेज से सुभाष शर्मा व ट्रक आपरेटर यूनियन के लखविंदर, पिकअप यूनियन और ट्रांसपोर्ट्स यूनियन के सदस्यों ने भाग लिया।

Related posts