
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एआईजी रेलवे एंड ट्रैफिक सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि विश्व में हथियारों, तेल पदार्थों के बाद तीसरे स्थान पर नशीले पदार्थों का व्यापार है। बढ़ती नशे की आदत व लापरवाही से हादसों में इजाफा हो रहा है। नशा, तेज रफ्तार, मोबाइल पर बात, बिना हेलमेट और लापरवाही हादसे के प्रमुख कारण रहते हैं। पांवटा रोड सेफ्टी क्लब का जागरूकता अभियान कार्यक्रम बेहतर रहा है। एआईजी शुक्रवार को रोड सेफ्टी क्लब पांवटा के एक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
एआईजी आरएंडटी शिमला सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि विदेशों में ट्रैफिक नियमों का पालन करना नागरिक दायित्व समझते है। हमारे देश में कुछ लोग नियम तोड़ने व ऊंची पहुंच की धौंस दिखाने से भी बाज नही आते। ट्रक, टैक्सी, टैंपों यूनियनों व शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीली दवा वाले गिरोह सक्रिय रहते है। ऐसे स्थलों पर नशीली दवाईयों की खेप पहुंचाई जाती है। जिससे युवा वर्ग को नशे का आदी बनाया जा रहा है। विश्व भर में 26 जून से नशा उन्मूलन सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान आम जनता को जागरुक किया जाना जरुरी है। नशे से मानसिक व शारीरिक विनाश होता है। रोड़ सेफ्टी क्लब व ट्रेफिक पुलिस में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं इस मौैके पर एडीएम पांवटा श्रवण मांटा और डीएसपी पांवटा एनएस राठौर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। इस बारे सख्ती करने का उद्देश्य जनता की जान की रक्षा करना रहता है। बढ़ते हादसों को रोकने के लिए वाहन चालकों को अपनी जिम्मेवारी समझनी जरूरी है। इसके लिए रोड सेफ्टी क्लब के माध्यम से शिविर आयोजित किए जाते हैं। इस मौके पर पांवटा रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष भजन चौधरी और गीता राम ठाकुर ने कहा कि पांवटा, निहालगड़, बातामंडी, बहराल, गोंदपुर, गिरिपार के सतौन, राजपुर और विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता शिविर लगाए जाते रहे हैं। इनमें यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दी जाती है। जिससे हादसों के ग्राफ में पहले से कुछ कमी आई है। दोपहिया वाहनों के हादसे ज्यादा होते हैं। इसलिए प्रशिक्षण में चालक को लाइसेंस देने से पूर्व हिदायत दी जाती है।
