क्या दूसरे हादसे के इंतजार में है सरकार

नौहराधार (सिरमौर)। रेणुका क्षेत्र के भराड़ी में हुए बस हादसे के 15 दिन बाद भी यहां पर सरकारी बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है। बस हादसे के दौरान सीपीएस विनय कुमार ने सोलन-राजगढ़-पुन्नधार मार्ग पर सरकारी बस चलाने का आश्वासन दिया था। लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी बस सेवा शुरू नहीं हो सकी है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी रोष है।
रेणुका के पूर्व विधायक हृदया राम ने बताया कि उन्होंने उपचुनाव के दौरान सोलन-पुन्नरधार बस सेवा को शुरू किया था। लेकिन कांग्रेस की सरकार के सत्ता में आते ही बस सेवा बंद कर दी गई। कहा कि क्षेत्र में इतना बड़ा हादसा होने के बाद भी सरकार और सीपीएस सोए हुए हैं। पूर्व भाजपा रेणुका अध्यक्ष कमल राज वर्मा, पंचायत प्रधान मोहन लाल, राजेंद्र सिंह, आत्मा राम और बलदेव ने बताया कि क्षेत्र में इस समय 40 से 50 बच्चे अभी भी निजी बसों में नौहराधार तक सफर कर रहे हैं। अत: यहां पर सरकारी बस की काफी आवश्यकता है। कहा कि वह एसडीएम संगड़ाह के माध्यम से मुख्यमंत्री को इस बारे ज्ञापन भेजेंगे। क्षेत्रीय प्रबंधक सोलन एएन सलारिया ने बताया कि निगम में स्टाफ और छोटी बसों की कमी के चलते बस सेवा शुरू नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर उच्च अधिकारियों से बातचीत की जाएगी।

Related posts