
सुंदरनगर (मंडी)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद जगत प्रकाश नड्डा का कहना है कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के लिए प्रतिभा सिंह का चुनाव जनता से ज्यादा महत्वपूर्ण बन गया है। किन्नौर में इतनी बड़ी आपदा आई, जहां पर मुख्यमंत्री स्वयं भी उपस्थित थे, लेकिन वीरभद्र सिंह राजधर्म भूल किन्नौर के लोगों को विपदा में छोड़ प्रचार के लिए मंडी आ पहुंचे। जबकि, उन्हें शिमला जाकर राहत कार्यों को आरंभ करवाने के लिए उच्चस्तरीय बैठक बुलानी चाहिए थी। सुंदरनगर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार के शासनकाल में देश न तो आंतरिक तौर पर सुरक्षित है और न ही बाहरी। उन्होंने उत्तराखंड में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद वहां पर फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सेना के जवानों की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की। इसके साथ ही विपदा से बाहर निकले लोगों को घर लौटने के लिए बसों और ट्रेनों का इंतजाम न करने के लिए केंद्र की मनमोहन सरकार की कड़ी निंदा की। भाजपा के दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय में आपदा से पीड़ित लोगों की सहायता के लिए राहत सामग्री एकत्रित की जा रही है। इस मौके पर जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश जम्बाल और मीडिया प्रभारी जगदीश राणा भी उपस्थित रहे।
