
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर ने वित्त वर्ष 2013-14 का बजट पारित कर दिया है। शुक्रवार को नप अध्यक्ष रजनी शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लगभग 6.71 करोड़ रुपए का अनुमानित बजट पारित किया गया। कर्मचारियाें के वेतन-भत्ताें व पेंशन आदि पर सबसे अधिक 43 फीसदी, जबकि विकास कार्यों पर 29 फीसदी बजट खर्च किया जाएगा।
वित्त वर्ष 2013-14 में नगर परिषद बिलासपुर को 4,08,91,682 रुपये के ओपनिंग बैलेंस समेत कुल 7,94,87,182 रुपए की आय होने का अनुमान है। तेरहवें व तीसरे फाइनेंस कमीशन के तहत ग्रांट-इन-एड के रूप में मिलने वाले क्रमश: दो करोड़ व 1.30 करोड़ रुपए नप की आय के मुख्य स्रोत हैं। इसके अलावा दुकानों के किराये से 25 लाख, रैन बसेरा, रेस्ट हाउस, जंजघर व पार्किंग फीस आदि से 10 लाख, ब्याज से 8 लाख, तहबाजारी फीस से 2.20 लाख तथा हाउस टैक्स व शराब बिक्री के टैक्स से 2-2 लाख की आय होने का अनुमान है।
वित्त वर्ष में 7,94,87,182 रुपये की अनुमानित आय की तुलना में विभिन्न मदों पर 6,71,44,497 रुपए खर्च होने का अनुमान है। इसमें से सबसे अधिक 2,84,19,497 रुपये कर्मचारियों के वेतन-भत्ताें, पेंशन, ग्रेच्युटी व मानदेय पर खर्च होंगे। विकास कार्यों के लिए 1.975 करोड़ का बजट प्रावधान है। बिजली व पानी की व्यवस्था पर 63.10 लाख, सेनीटेशन पर 54.75 लाख, पार्कों के सौंदर्यीकरण पर 6.08 लाख तथा गाड़ियों की मरम्मत, डीजल, टेलीफोन बिल व स्टेशनरी आदि पर 65.82 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। बैठक में नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, पार्षदों वीरदीन, शशिबाला, सोमा देवी, सोनिका, सोनिका, निर्मला राणा, आदित्य मोहन कश्यप, रच्छपाल सिंह, कमल गौतम, ज्योति कुमार व कौशल्या कटोच तथा नप के कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद शर्मा के साथ ही अन्य कर्मचारियों ने भी भाग लिया।
बाक्स के लिए…
हंगामेदार रही नगर परिषद की बैठक
बिलासपुर। लंबे समय के बाद शुक्रवार को आयोजित नगर परिषद की बैठक हंगामापूर्ण रही। कांग्रेस समर्थित नप उपाध्यक्ष व पार्षदों ने पिछले कुछ समय से भाजपा समर्थित अध्यक्ष के खिलाफ मोरचा खोल रखा था। उन्होंने कुछ बैठकों का बहिष्कार भी किया था। कई दिनों का यह गुबार उन्होंने शुक्रवार की बैठक में खुलकर निकाला। अध्यक्ष व भाजपा समर्थित पार्षदों ने भी पलटवार करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। नोकझोंक के बाद आखिर बजट पारित हो ही गया।
