रूसा के खिलाफ एसएफआई लाल

चंबा। चंबा कालेज में शुक्रवार को एसएफआई ने कालेजों में शुरू की गई रूसा प्रणाली के विरोध में कालेज परिसर में धरना प्रदर्शन किया। इसके अलावा नए छात्रों को रूसा प्रणाली के बारे में अवगत करवाया। एसएफआई के जिला अध्यक्ष हेम राज शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कालेजों में शुरू की गई रूसा प्रणाली से छात्रों को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस नई शिक्षा पद्धति को आज तक छात्र समझ नहीं पाए हैं। इसके चलते छात्रों को विषय चुनने में भी परेशानी हो रही है। एसएफआई के जिला महासचिव विजय राठौर ने बताया कि जो नई शिक्षा पद्धति एचपीयू की ओर से अपनाई गई है यह छात्र हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस शिक्षा प्रणाली में बदलाव नहीं किया गया या विवि प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो एसएफआई पहली जुलाई से कालेज में ताला लगा देगी। परिसर सचिव सुदेश राजपूत ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से रूसा प्रणाली को छात्रों पर थोपा है। उन्होंने कहा कि एचपीयू के कुलपति शायद इससे बेखबर हैं कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर और पांगी में छह माह बर्फबारी होती है। ऐसे में लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है तो कालेज के छात्र परीक्षा केंद्र तक कै से पहुंचेंगे। यह चिंतनीय विषय है, उन्होंने कहा कि इस शिक्षा प्रणाली के ऊपर समय रहते पुनर्विचार नहीं किया गया तो छात्रों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस अवसर पर इकाई उपाध्यक्ष संजय, सहसचिव सन्नी, हेम राज तिलक, लक्की, भूषण, गोनी, मुनीष, डिंपल, मनीषा ठाकुर और अनु, उषा और प्रीति मौजूद रहे।

फीस काउंटर पर भी अनियमितता
एसएफआई ने कालेज प्रशासन पर फीस काउंटर पर भी अनियमितता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन फीस काउंटर पर स्टाफ की कमी का बहाना बनाकर बेवजह छात्रों को तंग कर रहा है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष के छात्रों की फीस जमा नहीं हो पाई। इस कारण छात्र यहां वहां भटकते रहे और उनकी एडमिशन नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि कि शनिवार तक कालेज मे व्यवस्था ठीक नहीं हुई तो एसएफआई आंदोलन करने को मजबूर हो जाएगी।

Related posts