
भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का भरमौर पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शुक्रवार सुबह नौ बजे के करीब प्रतिभा सिंह भरमौर पहुंचीं। इस मौके पर खडली बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद चौरासी मंदिर में माथा टेकने के बाद हेलीपेड में एक जनसभा कर अपने पक्ष में मतदाताओं से वोट मांगे। उन्होंने कहा कि भाजपा के पांच साल के कार्यकाल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा की काफी दयनीय हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने पांच साल में कांग्रेस की ओर से चलाई गई जनकल्याणकारी स्कीमों और विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में काबिज हुए मात्र छह माह का समय हुआ है। इस कार्यकाल में स्कूली बच्चों के लिए मुफ्त बस सुविधा और जल्द बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास में विश्वास रखती है। अगर उन्हें मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद बनने का मौका मिलता है तो वे सांसद निधि से जनजातीय क्षेत्र को तवज्जो देगी। इसके अलावा उन्होंने होली-उतराला बाया चामुंडा सुरंग निर्माण को भी केंद्र सरकार के समक्ष उठाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस सुरंग निर्माण से चंबा-कांगड़ा की दूरी काफी कम हो जाएगी और यह क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से भी काफी विकसित होगा। भाजपा हर बार राम के नाम पर राजनीति करती थी, लेकिन आज तक मंदिरों का सही मायनों में जीर्णोद्धार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए 1200 करोड़ रुपये का प्रावधान कर रखा है। उन्होंने जनता से 23 जून को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। इस अवसर पर भरमौर विस क्षेत्र के प्रभारी पूर्व सांसद चौधरी चंद्र कुमार, वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, परिहवन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, जिला अध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज, एनएसयूआई के राष्ट्रीय सचिव सुरजीत भरमौरी, कांग्रेस प्रदेश सचिव पवन नैय्यर मौजूद रहे।
