
पपरोला (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर रेलमार्ग पर बीते दिन पट्टी राजपुर के पास रेलगाड़ी के छह डिब्बे अलग हो गए। हालांकि इसमें कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। दूसरी ओर मामले में रेलवे विभाग ने जांच बिठा दी है। उत्तरी रेलवे फिरोजपुर मंडल के रेल प्रबंधक (डीआरएम) एनसी गोयल ने बताया कि उन्होंने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं।
उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी व भविष्य में कांगड़ा वैली नैरोगेज लाइन पर इस तरह के हादसे रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठाए जाएंगे। डीआरएम गोयल ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह हादसा रेलगाड़ी में ओवरलोडिंग की वजह से नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पूरी जांच के बाद ही उक्त हादसे के सही कारणों का पता चल सकेगा। गौर हो कि वीरवार सुबह पठानकोट से जोगिंद्रनगर आ रही रेलगाड़ी के राजपुर के पट्टी के समीप एक डिब्बे का हुक टूटने के कारण रेलगाड़ी के छह डिब्बे रेलगाड़ी से अलग हो गए थे। हालांकि इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित रहे। लेकिन इस घटना ने रेलवे में सुरक्षित सफर के दावों की पोल जरूर खोल दी है।
