रामपुर में 67, 278 वोटर डालेंगे वोट

रामपुर बुशहर। मंडी लोकसभा उपचुनाव में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के 67 हजार 278 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें 131 वोटर पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। यहां के सभी 136 पोलिंग बूथों के लिए ईवीएम लेकर पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई हैं। चुनावी ड्यूटी में करीब साढ़े नौ सौ कर्मचारी और जवान तैनात किए गए हैं।
23 जून को हो रहे मंडी लोकसभा उपचुनाव में रामपुर विधानसभा हलके में 35 हजार 125 पुरुष और 32 हजार 153 महिलाएं वोट डालेंगे। यहां कुल 67 हजार 278 वोटरों में 131 वोटर ऐसे हैं जो पहली बार वोट डालेंगे। मतदाता सूचियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। रामपुर विधानसभा हलके में 136 पोलिंग बूथ हैं। दो बूथों के लिए वीरवार और 134 बूथों के लिए शुक्रवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हुई हैं। निर्वाचन कानूनगो मुंशी शर्मा ने बताया कि सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम दलीप नेगी ने पोलिंग पार्टियों को रवाना किया। 136 बूथों पर मतदान प्रक्रिया पूरी करने के लिए 544 कर्मचारी लगाए गए हैं। इसके अलावा करीब चौर सौ पुलिस और आईटीबीपी के जवान चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से निपटाने में सहयोग देंगे। एसडीएम ने बताया कि वोटिंग शांतिपूर्ण हो, इसके लिए सभी इंतजाम कर लिए गए हैं। एसडीपीओ सुनील नेगी ने बताया कि किसी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए छह क्विक रिएक्शन टीमें बनाई गई हैं।
ये हैं अति संवेदनशील बूथ
रामपुर में रचोली, ननखड़ी-एक और जाहू अति संवेदनशील पोलिंग बूथ घोषित किए गए हैं। इन बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा के तौर पर आईटीबीपी के पांच-पांच जवान तैनात रहेंगे।
ये हैं संवेदनशील
रामपुर में खड़ाहण, खुन्नी पनोली, गाहण, ननखड़ी-दो, सयारला, लालसा, गोपालपुर, ज्यूरी-एक और सराहन संवेदनशील बूथ घोषित किए गए हैं।
इन बूथों पर होगी वीडियो रिकार्डिंग
भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार रामपुर में कंदरेड़ी, मझेवटी, पशाडा, कुरगू, दारन, बाजवा आदि क्रिटिकल बूथ हैं। इन बूथों से पूर्व में हुए चुनाव में किसी एक दल के पक्ष में 75 फीसदी तक वोटिंग हुई है। इसलिए, यहां पर इस बार वीडियो रिकार्डिंग की जाएगी।

Related posts