
घनसाली (टिहरी)। केदारनाथ में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए एनडीआरएफ की टीम रसद सामग्री के साथ रवाना हो गई है। टीम ने रास्तो में फंसे यात्रियों को निकालने का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया है।
कई स्थानों पर मार्ग बंद होने से फंसे यात्रियों को निकालने के लिएएनडीआरएफ के 110 जवानों की टीम घनसाली से केदारनाथ के लिए रवाना हुई। लेकिन घनसाली-केदारनाथ मोटर मार्ग पर आए मलबे के कारण टीम की बड़ी बसें आगे नहीं जा सकी। जिससे टैक्सियों द्वारा जवानों को जाखणी-तैला गुप्तकाशी मोटर मार्ग से भेजा गया है। प्रशासन ने केदारनाथ में फंसे लोगों की सहायता के लिए घनसाली से दस छोटे वाहनों में 30 कुंतल चावल, दस कुंतल आलू सहित अन्य राहत सामग्री भेजी है। स्थानीय बदरी केदार होटल स्वामी विजेंद्र गुर्साइं ने केदारघाटी से घनसाली लौटे करीब पांच सौ यात्रियों को मुक्त में भोजन करवाया। जबकि स्थानीय प्रशासन और व्यापार मंडल की तरफ से भी यात्रियों को चाय-पानी निशुल्क उपलब्ध कराया गया।
