
शिमला। नगर निगम शहरवासियों और पर्यटकों को माल रोड और रिज पर कूड़ा नहीं फेंकने की नसीहतें दे रहा है। पकड़े जाने पर जुर्माना तक करने को चेताया गया है, लेकिन नगर निगम खुद माल रोड की दुकानों से कूड़ा दोपहर एक बजे उठा रहा है। दुकानदार सुबह दुकान खोलते ही करीब दस बजे दुकानों के बाहर डस्टबिन रख रहे हैं जो करीब तीन घंटे बाद उठाए जा रहे हैं। पर्यटक सीजन के चलते हजारों की तादाद में सैलानी माल रोड और रिज मैदान पहुंच रहे हैं।
माल रोड के कारोबारी करण नंदा, प्रशांत शर्मा, राहुल शर्मा, देवेंद्र ठाकुर, आरएल शर्मा, कृष्ण मोहन गुप्ता और हिरेंद्र ठाकुर का कहना है कि नगर निगम को सुबह साढ़े दस बजे तक कूड़ा उठाना चाहिए। दोपहर एक बजे ग्राहकों के आने का समय होता है, तो निगम का कूड़े से भरा ट्रक दुकानों के आगे आकर खड़ा हो जाता है जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। उधर, माल रोड पर रोजाना घूमने आने वाले सेवानिवृत्त कर्मियों सुभाष वर्मा, अशोक शर्मा, करणपाल सिंह और एचबी गुप्ता का कहना है कि माल रोड से कूड़ा उठाने का काम सुबह ग्यारह बजे तक पूरा हो जाना चाहिए। दोपहर होते ही जब लोगों की यहां आवाजाही बढ़ती है, तो निगम का कूड़े का ट्रक माल रोड पर चलते समय सारा माहौल दूषित कर देता है। उधर, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी का कार्यभार संभाल रहे डा. डीपी सिंह ने कहा कि कूड़ा उठाने वाली छोटी गाड़ियों के पासिंग में जाने के चलते देरी से कूड़ा उठा है। शुक्रवार से सुबह ही कूड़ा माल रोड से उठा लिया जाएगा।
