कभी लोड़िंग-अनलोडि़ंग, कभी किराए की समस्या

बरमाणा (बिलासपुर)। बीडीटीएस बरमाणा में ढुलाई के लिए अनुबंधित ट्रक आपरेटरों की बीडीटीएस में नए नए विवादों के चलते समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। बीडीटीएस में कभी लोडिंग तो कभी अनलोडिंग की शिकायतों से आखिर नुकसान तो ट्रक आपरेटरों को ही उठाना पड़ रहा है। कभी महंगाई के अनुपात में माल भाड़ा न बढ़ाने का मसला और कभी बढ़े किरायों के भुगतान को लेकर हंगामा। इससे आए दिन बीडीटीएस में डिमांड बाधित हो रही है।
ट्रक आपरेटर अशोक ठाकुर, शेर सिंह, दौलत राम, सुरेंद्र, प्रकाश चंद, चमनलाल, प्रेमलाल, शिवराम, बलदेव, देवीराम, रोशनलाल, रतनलाल, प्रवीण कुमार, सुरेश कुमार, पवन कुमार, विद्या सागर, रूपलाल सहित अन्य ने इसके लिए बीडीटीएस कार्यकारिणी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि करीब 15 माह पूर्व नई कार्यकारिणी की कमान सौंपी गई थी। इसके बाद कार्यकारिणी पर आपरेटरों के हितों की अनदेखी के साथ गेट पास आवंटन से लेकर प्रत्येक स्तर पर भाई भतीजावाद के आरोप लगते रहे हैं। मल्टीएक्सल गाड़ियों के मुद्दे को चुनाव जीत आई वर्तमान कार्यकारिणी नाकाम साबित हो रही है। आपरेटरों ने प्रधान विरोधी धड़े के कार्यकारिणी सदस्यों की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। इनका कहना है कि अभी तक पूर्व महासचिव की अगुवाई में ही विरोध के स्वर उभर रहे हैं। जबकि कार्यकारिणी में अन्य पदाधिकारी भी चुप्पी साधे हुए हैं। इसके चलते अब समय आ गया है कि आपरेटरों को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना होगा।

Related posts